नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 22 नवंबर से गुवाहाटी के बरसापारा में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के समय में बदलाव हो सकता है। इसका कारण यहां सर्दियों में जल्दी सूर्यास्त होने को बताया जा रहा है। इसी कारण दूसरे टेस्ट मैच में ब्रेक में बदलाव करते हुए पहले सत्र के बाद चाय का सत्र और दूसरे सत्र के दौरान लंच का सत्र रखा जा सकता है हालांकि इसको लेकर अभी तब भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
देश में आम तौर पर टेस्ट मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होते हैं और शाम 4:30 बजे समाप्त होते हैं पर गुवाहाटी में मैच सुबह 9 बजे शुरू होकर शाम चार बजे समाप्त होने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार , ‘ऐसी संभावना है कि पहला ब्रेक सुबह 11 बजे से 11:20 बजे तक चाय का ब्रेक होगा जबकि दोपहर 1:20 बजे से 2:00 बजे तक लंच हो सकता है। चाय के बाद का सत्र दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे खेला जाएगा। इसका कारण ये है कि गुवाहाटी में आमतौर पर सूरज 4:15 बजे तक डूब जाता है। वहीं असम क्रिकेट संघ (एसीए) के एक अधिकारी ने कहा, ‘हमें अभी तक इस मामले में बीसीसीआई से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।



