HomeNationalफिर बदला मौसम का मिजाज:दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि...

फिर बदला मौसम का मिजाज:दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

नई दिल्ली । मार्च का महीना जाते-जाते एक बार फिर मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव लेकर आ रहा है। महीने की शुरुआत में पड़ी भीषण गर्मी के बाद अब बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हुए एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले चार दिनों तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। दक्षिण से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक बादलों का डेरा जमने लगा है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि शहर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जो कभी-कभी 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति तक पहुंच सकती हैं। रविवार शाम से ही राजधानी के कुछ इलाकों जैसे पंजाबी बाग, राजौरी गार्डन और पटेल नगर में हल्की बूंदाबांदी के आसार नजर आ रहे हैं। इस मौसमी बदलाव के कारण अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

पहाड़ी राज्यों की बात करें तो कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होने वाला है। 30 मार्च को इन राज्यों के कई जिलों में मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में भी इस सप्ताह मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, मध्य भारत के मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी 2 अप्रैल तक छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 31 मार्च को तूफानी हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments