नई दिल्ली। वैश्विक तनाव और सुरक्षित निवेश की मांग के चलते मंगलवार को सोने और चांदी के दाम में जोरदार तेजी देखने को मिली। मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी और तकनीकी शॉर्ट कवरिंग ने इन कीमती धातुओं को मजबूत समर्थन दिया। घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स पर खबर लिखे जाने तक सोने का अक्टूबर अनुबंध 639 रुपये की बढ़त के साथ 1,53,457 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह चांदी का दिसंबर अनुबंध 1,664 रुपये की जोरदार उछाल के साथ 2,40,680 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स पर भी कीमती धातुओं में चमक जारी रही। सोना 3.20 डॉलर की तेजी के साथ 4,479.80 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, वहीं चांदी 0.88 डॉलर की बढ़त के साथ 67.63 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। विश्लेषकों का मानना है कि सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और तकनीकी स्तर पर शॉर्ट कवरिंग कीमतों को लगातार मजबूती प्रदान कर रही है।



