चंबा। चंबा जिले में सोमवार देर रात पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहाड़ गांव के पास हुए सड़क हादसे में एक साल के मासूम समेत पांच लोगों की मौत हो गई। चंडीगढ़ से बच्चे का उपचार करवाकर घर लौट रहा परिवार रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गया। कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। लगातार हो रही भारी बारिश और बनीखेत के पास राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने के कारण राहत एवं बचाव दल को मौके तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया गया।
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में मृतकों की पहचान बचन सिंह, निवासी गेहरा, उनके पुत्र रिपन कुमार, पुत्रवधू रिम्पी, कीर्ति और एक साल के मासूम बच्चे के रूप में हुई है। परिवार चंडीगढ़ से मासूम का उपचार करवाकर घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे चंबा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही पल में परिवार की पांच जिंदगियां बुझ जाने से क्षेत्र में मातम छा गया है। चंबा के एसपी ने कहा कि लाहाड़ क्षेत्र में एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। इस हादसे में पांच लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। पुलिस एवं प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



