मुंबई । भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री में कई ऐसे विलेन रहे हैं, जिन्होंने अपनी शानदार एक्टिंग से धारावाहिकों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। धारावाहिकों में ऐसे लोकप्रिय विलेन के किरदार निभाने वाले नामों में एक प्रमुख नाम उर्वशी ढोलकिया का है। उर्वशी ढोलकिया एक मशहूर टेलीविजन और फिल्म अभिनेत्री हैं, जिन्होंने अपनी अदाकारी और मजबूत व्यक्तित्व से अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उनका जन्म 9 जुलाई 1979 को दिल्ली में हुआ था। उनके पिता गुजराती और मां पंजाबी मूल की हैं, और उनका एक भाई भी है, जिसका नाम अनुरुप ढोलकिया है। उर्वशी ने अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत महज 6 वर्ष की उम्र में लक्स साबुन के एक विज्ञापन से की थी, जिससे उनकी प्रतिभा बचपन में ही उजागर हो गई थी।
हालांकि, छोटी उम्र में ही उन्होंने जीवन के कई उतार-चढ़ाव को देखा। उर्वशी ने महज 16 वर्ष की उम्र में शादी कर ली और 17 वर्ष की उम्र में वह जुड़वां बेटों, क्षितिज और सागर, की मां बनीं। इतनी कम उम्र में शादी और फिर मां बनने के बाद, उनकी जिंदगी में मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब विवाह के मात्र डेढ़ वर्ष बाद उनका तलाक हो गया। तलाक के बाद उर्वशी को कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ा। समाज का दबाव, वित्तीय अस्थिरता और अकेले दो बच्चों की परवरिश करना उनके लिए एक कठिन संघर्ष था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
मुश्किल दौर से सीख लेते हुए, उन्होंने एक सिंगल मदर के रूप में अपने दोनों बेटों की सफलतापूर्वक परवरिश की और अपने करियर पर भी ध्यान केंद्रित किया। उनकी यह यात्रा कई महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनी। उर्वशी के करियर की बात करें तो उन्होंने 90 के दशक में कई प्रसिद्ध टीवी शो में काम किया, जिसमें श्रीकांत, देख भाई देख, कभी सौतन कभी सहेली, शक्तिमान, चंद्रकांता, नागिन 6, ‘कसौटी जिंदगी की’, घर एक मंदिर, बेताब दिल की तमन्ना है, मेहंदी तेरे नाम की जैसे नाम शामिल हैं। इन सभी शो में उन्होंने अपनी बहुमुखी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया। हालांकि, एकता कपूर की मशहूर धारावाहिक ‘कसौटी जिंदगी की’ में कोमोलिका बसु का किरदार ने उन्हें अपार सराहना और प्रसिद्धि दिलाई। विलेन के इस रोल ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई और कई अवॉर्ड्स भी दिलाए।



