हावड़ा। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के डोमजुड़ थाना क्षेत्र में ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही 16 वर्षीय छात्रा की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल आरोपी का हावड़ा जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।पुलिस के अनुसार, 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा साइकिल से ट्यूशन से घर लौट रही थी। इसी दौरान डोमजुड़ की एक फैक्टरी में काम करने वाले मुर्शिदाबाद निवासी 24 वर्षीय समीर दास ने रास्ते में उसे रोक लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में छात्रा के गले, हाथ और पेट पर गंभीर चोटें आईं।
घायल छात्रा को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्रा से एकतरफा संबंध बनाना चाहता था, लेकिन छात्रा लगातार उसके प्रस्तावों को अस्वीकार कर रही थी। आशंका है कि इसी वजह से आरोपी ने हमला किया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



