नई दिल्ली। जीएसटी कलेक्शन में अगस्त 2026 में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई। 1 सितंबर को जारी आंकड़ों के मुताबिक अगस्त 2026 में सालाना आधार पर सरकार का सकल जीएसटी कलेक्शन 14.8 फीसदी बढ़कर 1,99,853 करोड़ रुपए हो गया। अगस्त 2025 में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 1,74,116 करोड़ रुपए था। वहीं, अगस्त में नेट जीएसटी राजस्व 1,68,057 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल के 1,55,181 करोड़ रुपए के मुकाबले 8.3 फीसदी ज्यादा है।
चालू वित्त वर्ष में अब तक नेट जीएसटी राजस्व 9 फीसदी बढ़कर 8,89,523 करोड़ रुपए हो गया है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 8,15,939 करोड़ रुपए था।रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त 2026 में देश का ग्रॉस घरेलू जीएसटी राजस्व 9.3 फीसदी बढ़कर 1,37,249 करोड़ रुपए हो गया। अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 1,25,570 करोड़ रुपए था। आयात से होने वाला ग्रॉस जीएसटी राजस्व अगस्त में 29 फीसदी बढ़कर 62,604 करोड़ रुपए हो गया। अगस्त 2025 में यह 48,546 करोड़ रुपए था। वित्त वर्ष के आधार पर देखें तो ग्रॉस इंपोर्ट जीएसटी राजस्व 27.3 फीसदी बढ़कर 3,06,387 करोड़ रुपए हो गया, जबकि पिछले साल यह 2,40,596 करोड़ था।
कुल मिलाकर चालू वित्त वर्ष में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 11 फीसदी बढ़कर 10,42,757 करोड़ रुपए हो गया है। अगस्त में जीएसटी रिफंड में भी काफी वृद्धि देखने को मिली। कुल रिफंड 67.9 फीसदी बढ़कर 31,795 करोड़ रुपए रहा। इसमें घरेलू रिफंड 72.6 फीसदी बढ़कर 18,490 करोड़ रुपए हो गया। वहीं, एक्सपोर्ट रिफंड में 61.8 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 13,305 करोड़ रुपए रहा। रिफंड के बाद नेट घरेलू राजस्व 3.4 फीसदी बढ़कर 1,18,759 करोड़ रुपए रहा। वहीं, नेट कस्टम्स राजस्व में 22.3 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 49,299 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।



