करनाल (रविन्द्र/संदीप) : करनाल में बदमाशों ने भरे बाजार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक एक्टिवा पर अपनी बहन के घर जा रहा था। बाइक सवार 2 बदमाशों ने काफी दूर तक उसका पीछा किया। भगवडिया गैस एजेंसी के पास पहुंचते ही उसके सिर में गोली मार दी। गंभीर हालत में आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से गोली का खोल बरामद कर घटनास्थल को सील कर दिया। साथ ही शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया। मृतक युवक की पहचान बीरू (28) के रूप में हुई है। 6 महीने पहले उसकी शादी हुई थी। देर रात तक परिजन भी अस्पताल के बाहर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हंगामा करते रहे।
वीरवार को परिजनों ने शव उठाने से मना कर दिया है और अब परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी कर कार्रवाई की मांग कर रहे है। विधायक जगमोहन आनंद ने भी परिवार के बीच पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिलाया, लेकिन शाम को परिजनों व बड़ी संख्या समाज के लोग अंबेडकर चौक की तरफ जा रहे थे तो पुलिस ने उन्हें गांधी चौक के पास ही रोक लिया। इसके बाद समाज के लोग गांधी चौक पर ही सड़क पर बैठ गए और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डीएसपी संदीप दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिलाया। जिसके बाद लोग सड़क से उठ गए।बीरू की हत्या पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल है, लेकिन हम इसकी पुष्टि नहीं करते ये पुलिस जांच का विषय है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मां की बीरू की मां की शिकायत पर 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
सदर बाजार निवासी बीरू (28) अपनी एक्टिवा स्कूटी पर रात को भगवडिया गैस एजेंसी के रास्ते अपनी बहन के पास जा रहा था। इसी दौरान वहां डिस्कवर बाइक पर 2 बदमाश आए। बीरू के पास आते ही उन्होंने तुरंत हथियार निकालकर पॉइंट ब्लैंक (बहुत पास) से उस पर फायर कर दिया। गोली सीधे बीरू के सिर में जाकर लगी। गोली लगते ही बीरू सड़क पर गिर गया। दोनों बदमाश बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर गैस एजेंसी के पास भीड़ लग गई। बीरू को करनाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बीरू की प्राथमिक उपचार के बाद अमृतधारा अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गई। पुलिस को घटनास्थल से गोली का एक खोल भी मिला है। परिजन दीपक ने बताया कि बीरू का पिछले 3 से चार माह से इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालने को लेकर विवाद चल रहा था। इन लोगों द्वारा बीरू को टारगेट किया जा रहा था। वीरू अपने परिवार का इकलौता बेटा था और कुछ ही महीने पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। पत्नी बार-बार उसका नाम लेकर बेसुध रो रही है।
डीएसपी संदीप ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की पांच टीमें गठित की गई है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



