HomeEntertainmentअनिल कपूर ने साझा की बचपन की यादें, बताया, कैसे बन जाते...

अनिल कपूर ने साझा की बचपन की यादें, बताया, कैसे बन जाते थे बिन बुलाए मेहमान

मुंबई। हाल ही में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर ने क्विज गेम शो इंडिया के टॉप 1 पर्सेंट में अपने बचपन की कुछ मजेदार यादें साझा की ।  अनिल कपूर ने बचपन में शादियों में बिना निमंत्रण के घुसपैठ करने के किस्से सुनाए, जिसे सुनकर उनके चेहरे पर आज भी एक प्यारी सी मुस्कान आ जाती है। यह किस्सा मुंबई के चेंबूर के तिलक नगर में उनके रहने के दौरान का है, जहाँ छोटी-बड़ी शादियों का माहौल उन्हें और उनके दोस्तों को खूब लुभाता था।

अनिल कपूर ने बताया कि जैसे ही उनकी और उनके दोस्तों की नजर किसी शादी पर पड़ती थी, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता था। उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता था कि शादी में बुलावा आया है या नहीं। वे सभी तैयार होकर सीधे शादी में पहुँच जाते थे। वहाँ किसी को शक न हो, इसके लिए वे लोगों को नमस्ते करते हुए ऐसे आगे बढ़ते थे, जैसे वे घर के ही कोई रिश्तेदार हों। अनिल कपूर ने उस दौर को याद करते हुए कहा, हम चेंबूर में तिलक नगर में रहते थे। वहाँ छोटी-बड़ी बहुत शादियाँ होती थीं। तो मैं और मेरे दोस्त मिलकर शादियों में चले जाते थे। फ्री में कुछ मिलना किसको पसंद नहीं है? फ्री में कुछ भी मिले, गिफ्ट मिले या खाना, इंसान कहीं भी चला जाता है।

अभिनेता ने बताया कि शादी में जाने का असली आकर्षण उनके लिए सिर्फ स्वादिष्ट खाना ही नहीं होता था। उन्हें गोल्ड स्पॉट और मंगोला नामक शीतल पेय बेहद पसंद थे, और यही वजह थी कि शादी में पहुँचते ही उनकी नजर सीधे ठंडे पेय वाले काउंटर पर होती थी। उन्होंने शो में हँसते हुए बताया, मैं वहाँ सिर्फ गोल्ड स्पॉट और मंगोला पीने जाता था। हम नमस्ते, नमस्ते, कैसे हो? करते हुए सीधे काउंटर पर पहुँच जाते। फिर 11-12 बोतल गोल्ड स्पॉट और मंगोला पी जाते थे। अभिनेता ने अपने इस बचपन के कारनामे को मशहूर कहावत से खुद को जोड़ते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, आपने कहावत सुनी होगी, बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना। असल में यह होना चाहिए, बेगानी शादी में अनिल कपूर दीवाना।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments