माधोपुर/पठानकोट। पंजाब के पठानकोट जिले में माधोपुर-शाहपुरकंडी सड़क पर पावर हाउस के निर्माण स्थल के पास खेतों में काम कर रहे मजदूरों पर आसमानी बिजली गिरने से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा देर शाम हुआ।जानकारी के अनुसार, अलग-अलग राज्यों से आए मजदूर पावर हाउस के निर्माण स्थल के पास काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आसमानी बिजली गिरने से तीन युवक उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में विशाल (21) की मौके पर ही मौत हो गई। वह उत्तर प्रदेश के उरई जिले के अवधाना का निवासी था। घायलों की पहचान जितेंद्र उर्फ जितन (19), निवासी शाहपुरकंडी, और गगन (17), निवासी जुगियाल कॉलोनी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद मजदूरों में शोक का माहौल है।



