नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलकर आरोप लगाया कि पार्टी सत्ता हासिल करने के लिए देश में अराजकता फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को कमजोर करने में जुटी है। उन्होंने कांग्रेस को गुंडों का समूह बताकर कहा कि पार्टी सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर व्यवस्था को चुनौती देना चाहती है। केंद्रीय मंत्री चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब विदेशी ताकतों के हाथों की कठपुतली बन गई है और सत्ता के लिए विभिन्न संगठनों तथा देशविरोधी ताकतों का सहारा ले रही है।
बीजेपी नेता चौहान ने कांग्रेस की लगातार चुनावी हार के लिए उसके नेतृत्व को सीधे जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना कांग्रेस की पुरानी आदत है। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग को दोष देने के बजाय पार्टी को अपने नेतृत्व की कमजोरियों और आंतरिक कलह पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश, पंजाब और अन्य राज्यों में कांग्रेस के भीतर जारी मतभेदों का जिक्र कर कहा कि पार्टी का नेतृत्व देश की जनता और उसकी समस्याओं को समझने में विफल रहा है।
केंद्रीय मंत्री चौहान ने दावा किया कि कांग्रेस ओडिशा में 26 साल, नागालैंड में 23 साल, गोवा में 15 साल और दिल्ली में 13 साल से सत्ता से बाहर है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में कांग्रेस एआईएडीएमके, बिहार में आरजेडी, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी या बहुजन समाज पार्टी, झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा और जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस पर निर्भर रही है। उनके अनुसार, कांग्रेस कई राज्यों में छोटी सहयोगी पार्टी बनकर रह गई है।



