नई दिल्ली । राष्ट्रपति ने छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल को मंजूरी देते हुए अधिसूचना जारी की। इस बदलाव में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर और दुष्यंत गौतम समेत कई नाम शामिल हैं। ओम प्रकाश माथुर को केरल का नया राज्यपाल बनाया गया है, जबकि केरल के मौजूदा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु भेजा गया है। एमपी के डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जारी सूची के मुताबिक, ओम प्रकाश माथुर इससे पहले सिक्किम के राज्यपाल की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उनकी जगह दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, ब्रज मोहन राम को ओडिशा और डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है।
इन नियुक्तियों के तहत छह राज्यों के संवैधानिक प्रमुखों में बदलाव किया गया है। राज्यपालों की नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा संविधान के अनुच्छेद 155 के तहत की जाती है। राज्यपाल राज्य में संवैधानिक व्यवस्था के संचालन, विधानसभा से जुड़े कार्यों और सरकार गठन जैसी प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।ओम प्रकाश माथुर और दुष्यंत गौतम भाजपा के संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं। वहीं, राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर पहले भी राज्यपाल के रूप में संवैधानिक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। नई नियुक्तियों के बाद संबंधित राज्यों में कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।



