HomeHaryanaकैथल में भीषण सड़क हादसा: नहर की पुलिया से टकराई कार, एक...

कैथल में भीषण सड़क हादसा: नहर की पुलिया से टकराई कार, एक ही परिवार के 3 युवकों की मौत, 3 घायल

कैथल : हरियाणा के कैथल में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। सुबह करीब 2 बजे पाई और सिसमोर के बीच एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर की पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक एक ही परिवार के थे और गांव करोड़ा के रहने वाले थे।

जानकारी के मुताबिक, सभी युवक गांव करोड़ा से कैथल की तरफ जा रहे थे। वे खेत में जीरी झाड़ने के बाद नरेंद्र के घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान पाई और सिसमोर के बीच नहर की पुलिया के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में तीन युवकों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नवदीप पुत्र बलबीर (19), प्रदीप पुत्र कर्मबीर (27) और अजय पुत्र सत्यवान (22) के रूप में हुई है। तीनों गांव करोड़ा के रहने वाले थे। परिजनों के मुताबिक, तीनों एक ही परिवार से संबंध रखते थे। हादसे के बाद उन्हें नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

वहीं, हादसे में शाहिल, अर्जुन और नरेंद्र घायल हुए हैं। शाहिल को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी जांघ की हड्डी टूट गई है। अर्जुन की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, कार चला रहे नरेंद्र के मुंह और बाजू में मामूली चोटें आई हैं।

सामने से आ रही गाड़ी की लाइट बनी हादसे की वजह
परिजनों ने बताया कि जब कार पाई और सिसमोर के बीच से गुजर रही थी, तभी सामने से एक अन्य गाड़ी आ रही थी। उस गाड़ी की तेज लाइट सीधे ड्राइवर की आंखों पर पड़ी, जिसके कारण उसे रास्ता ठीक से दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर नहर की पुलिया से टकरा गई।

मृतक प्रदीप के पीछे रह गए दो छोटे बच्चे
हादसे में जान गंवाने वाले प्रदीप की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। वहीं, नवदीप और अजय अभी अविवाहित थे। एक ही परिवार के तीन युवकों की अचानक मौत से गांव करोड़ा में शोक की लहर है। परिवारों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments