हैदराबाद । बंगाल की खाड़ी में विकसित चक्रवाती तूफान अकवान ने अब गंभीर रूप धारण कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज (17 नवंबर) इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है, और 19 नवंबर तक यह अति गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। यह तूफान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को नेल्लोर और तुनी के बीच पार करेगा। लैंडफॉल के समय, हवाओं की गति 120-130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जो झोंकों के साथ 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 नवंबर की रात 11:30 बजे अकवान का केंद्र चेन्नई से लगभग 610 किमी पूर्व, विशाखापत्तनम से 670 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 790 किमी दक्षिण में स्थित था।
इस तूफान के मद्देनजर ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को 16 से 21 नवंबर के बीच समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने 18 से 21 नवंबर के बीच ओडिशा के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई और पुडुचेरी में गरज और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। आपदा से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं, जहां ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स की 60 टीमें और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की 14 टीमें तैनात की गई हैं। गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी और पुरी जिलों को विशेष रूप से अलर्ट पर रखा गया है।
अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को निकालने और राहत केंद्र खोलने के निर्देश दिए गए हैं। गंजाम जिले में अब तक 107 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली और नदिया जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, 19 और 20 नवंबर को तेलंगाना और झारखंड में भी बारिश हो सकती है। 18 से 20 नवंबर के बीच बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र की स्थिति बेहद खराब रहने की आशंका है।यह स्थिति लगभग 13 साल बाद बनी है, जब बंगाल की खाड़ी में 25 दिनों से भी कम अवधि में तीन चक्रवाती तूफान (अर्नब, मुरासु और अब अकवान) विकसित हुए हैं। इससे पहले 2013 में हेलेन, लहर और माडी जैसे तूफान इसी तरह कम समय अंतराल पर आए थे।



