Health News : बच्चों की सर्दी-जुकाम, पेट दर्द और भूख से जुड़ी छोटी-मोटी परेशानियों में जायफल के उपयोग की सलाह दी जाती रही है। हालांकि, जब बात नवजात या छोटे बच्चे की आती है, तो किसी भी घरेलू नुस्खे को अपनाने से पहले यह समझना अत्यंत आवश्यक हो जाता है कि उससे बच्चे को कोई नुकसान तो नहीं हो सकता।वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि जायफल में कई तरह के प्राकृतिक तत्व मौजूद होते हैं। इनमें मायरिस्टिसिन, यूजेनॉल, सैबिनीन जैसे वाष्पशील तेल और लिग्नान व पॉलीफेनॉल जैसे पौधों से मिलने वाले तत्व शामिल हैं। ये सभी तत्व शरीर पर अलग-अलग तरह से प्रभाव डालते हैं। जायफल का एक प्रमुख गुण इसका एंटीऑक्सिडेंट होना है।
हमारे शरीर में रोजाना की क्रियाओं के दौरान ऐसे छोटे-छोटे कण बनते हैं, जिन्हें फ्री रेडिकल्स कहा जाता है। ये फ्री रेडिकल्स शरीर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं और बीमारियों का कारण बन सकते हैं। एंटीऑक्सिडेंट इन फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान को कम करने में मदद करते हैं, जिससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इस प्रकार, जायफल का सेवन बच्चे की बीमारी से लड़ने की ताकत को मजबूत कर सकता है।जायफल में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी पाए जाते हैं। शरीर में चोट लगने, जलन होने या किसी बीमारी के कारण सूजन पैदा हो सकती है। ऐसे में, जायफल को पारंपरिक रूप से दर्द और सूजन से राहत के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है। शिशु के कान दर्द, पेट दर्द या किसी अन्य सूजन संबंधी परेशानी में जायफल का लेप लगाने से कुछ हद तक आराम मिल सकता है, लेकिन किसी भी गंभीर स्थिति में चिकित्सक उपचार भी उतना ही जरूरी है।
पारंपरिक घरेलू नुस्खों में जायफल को पेट से जुड़ी परेशानियों, गैस और अपच के लिए भी इस्तेमाल किया जाता रहा है। हालांकि, इसकी मात्रा को लेकर अत्यंत सावधानी बरतना आवश्यक है, क्योंकि इसकी ज्यादा मात्रा बच्चे के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। जायफल में मौजूद मायरिस्टिसिन नामक तत्व अत्यधिक मात्रा में शरीर में जाने पर ज़हर जैसा असर पैदा कर सकता है। इससे बच्चे को उल्टी, घबराहट, बेचैनी, बहुत ज्यादा नींद आना, दिल की धड़कन तेज होना और गंभीर मामलों में बेहोशी जैसी परेशानियां हो सकती हैं। यही वजह है कि जायफल को कूटकर, शहद या घी में मिलाकर शिशु को चटाना सुरक्षित नहीं माना जाता है और इससे बचना चाहिए। विशेषज्ञों का स्पष्ट मानना है कि नवजात या छह महीने से कम उम्र के बच्चे को मां के दूध या फॉर्मूला दूध के अलावा कोई भी अन्य चीज देने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना अत्यंत महत्वपूर्ण है।



