अहमदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अहमदाबाद और गांधीनगर जिले में पांच अलग-अलग धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके दौरे में जैन आचार्यों के दर्शन, शक्तिपीठ में पूजा-अर्चना, भगवान शिव की 81 फीट ऊंची प्रतिमा के निर्माण का शिलान्यास और नवरात्रि रास-गरबा का आयोजन प्रमुख रूप से शामिल है। दौरे का कार्यक्रम दोपहर से शुरू होकर रात तक चलेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह दोपहर 2:45 बजे अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके में स्थित प्रेरणा तीर्थ पहुंचेंगे। यहां वह गच्छाधिपति परमपूज्य नररत्न सूरीश्वरजी महाराज के दर्शन करेंगे।
इसके बाद दोपहर 3:15 बजे वह पालडी स्थित श्री विश्व जैन संघ जाएंगे। यहां गच्छाधिपति परमपूज्य उदयप्रभ सूरीश्वरजी महाराज के दर्शन का कार्यक्रम है। अहमदाबाद में दोनों धार्मिक कार्यक्रम पूरे करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री गांधीनगर जिले के लिए रवाना होंगे।अमित शाह शाम छह बजे गांधीनगर जिले के रूपाल गांव पहुंचेंगे। यहां स्थित शक्तिपीठ श्री वरदायिनी माता मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके साथ ही उनके हाथों भगवान शिव की 81 फीट ऊंची प्रतिमा के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा। रूपाल में होने वाला यह कार्यक्रम धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिव प्रतिमा के निर्माण की शुरुआत इस दौरे के प्रमुख आयोजनों में से एक होगी।



