जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने टोंक से वर्चुअल माध्यम द्वारा राजस्थान के टोंक, बूंदी, चूरू, पाली, प्रतापगढ़, डूंगरपुर एवं बाड़मेर जिलों में नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय भवनों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही जालोर जिला कार्यालय का शिलान्यास भी किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान की धरती पर आना सदैव गौरव और प्रेरणा का विषय रहा है। यह भूमि शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की परंपराओं से ओतप्रोत रही है। उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि सबसे कम उम्र का विधायक बनने के बाद उन्हें पहली बार सम्मान इसी प्रदेश में मिला था, जिससे यहां उनका विशेष भावनात्मक जुड़ाव है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है, जो बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्र सेवा के भाव से कार्य करता है। भाजपा आज जिस ऊंचाई पर पहुंची है, वह लाखों कार्यकर्ताओं के परिश्रम, त्याग और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों ने भाजपा को एक विशाल वटवृक्ष के रूप में विकसित किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी अंत्योदय, राष्ट्रवाद और सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। आज केंद्र और राज्य सरकारें अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यही भाजपा की पहचान है।भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 2047 तक विकसित भारत और विकसित राजस्थान के लक्ष्य को लेकर कार्य करें। यह केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत न केवल देश के स्तर पर, बल्कि वैश्विक मंच पर भी दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2 सांसदों वाली पार्टी आज देश के 21 राज्यों में फैल चुकी, विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई हैं। देशभर में 600 से अधिक भाजपा कार्यालय स्थापित हो चुके हैं, जो संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण, विचार-विमर्श और कार्यकर्ता निर्माण के केंद्र बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि कार्यालय केवल भवन नहीं होते, बल्कि यह कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, विचार और संगठन की शक्ति के केंद्र होते हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राजस्थान की भजनलाल सरकार की योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार लगातार महिला, युवा, किसान के लिए कार्य कर रही है। युवाओं के रोजगार के लिए भजनलाल सरकार ने निवेश को बढावा दिया, महिलाओं के कल्याण को समर्पित भाजपा सरकार लखपति दीदी, ड्रोन दीदी सहित विभिन्न योजनाओं को शुरू किया।
इतना ही नहीं, ईआरसीपी योजना हमारे किसानों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के चलते इस बार बंगाल में भी कमल खिलेगा। मुझे खुशी है कि अंग से कलिंग तक भाजपा का शासन बढ़ रहा है।राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष, विशेष रूप से कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो दल अपनी ही माताओं और बहनों को सम्मान नहीं दे सके, वही इस ऐतिहासिक कानून का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस ने महिलाओं का हक क्यों छीना और उन्हें राजनीतिक भागीदारी से वंचित रखने का प्रयास क्यों किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी कोई संकल्प लेते हैं, उसे सिद्धि तक पहुंचाते हैं, और नारी शक्ति वंदन अधिनियम इसका उदाहरण है, जो देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



