उज्जैन। फिल्म धुरंधर 2 इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अपने झंडे गाड़ रही है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म की सफलता ने युवा एक्ट्रेस सारा अर्जुन को रातों-रात इंडस्ट्री का नया चमकता सितारा बना दिया। शनिवार का दिन सारा अर्जुन के लिए बेहद खास रहा। वह अपनी मां का जन्मदिन मनाने उज्जैन पहुंचीं। इस मौके पर उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर में माथा टेका और पूजा-अर्चना की। एक्ट्रेस की कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह पूरी तरह भक्ति में डूबी नजर आ रही हैं।अपनी इस यात्रा में सारा अर्जुन ने पारंपरिक गुलाबी रंग की साड़ी पहनी थी, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उन्होंने भस्म आरती में भी हिस्सा लिया। मंदिर के अंदर का माहौल इतना शांत और दिव्य था कि वह पूरी तरह अभिभूत हो गईं।
उन्होंने कहा कि जब आप मंदिर में होते हैं, तो आप दुनिया की दूसरी चीजों के बारे में नहीं सोच पाते मैंने कुछ खास नहीं मांगा, बस परिवार की अच्छी सेहत और जीवन में सफलता की प्रार्थना की।धुरंधर जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने के बाद अब सबकी नजरें सारा के अगले प्रोजेक्ट पर हैं। जब पत्रकारों ने उनसे उनके फ्यूचर प्लान और अगली फिल्म के बारे में पूछा, तो सारा ने मुस्कुराते हुए आसमान की तरफ इशारा कर दिया। इस पर जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने सब कुछ भगवान के भरोसे छोड़ दिया है, तो उन्होंने सिर हिलाते हुए जी कहा। धुरंधर: द रिवेंज ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मज़बूत पकड़ बनाए रखी है और चौथे हफ्ते में भी इसकी सफलता का सिलसिला जारी है। अब यह फिल्म, वीकेंड के अंत तक दुनिया भर में 1,700 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर सकती है। यह दुनिया भर में तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म के तौर पर पुष्पा 2: को पीछे छोड़ने के करीब पहुंच रही है।



