मुंबई । फिल्म द केरल स्टोरी की अपार लोकप्रियता ने अभिनेत्री अदा शर्मा के लिए फिल्म इंडस्ट्री में नए अवसरों के द्वार खोल दिए हैं। हाल ही में अदा शर्मा ने बताया कि जब कोई फिल्म हिट होती है, तो ज्यादा लोग कलाकारों पर भरोसा करते हैं और उन्हें बड़े तथा चुनौतीपूर्ण काम सौंपने को तैयार रहते हैं। आजकल इंडस्ट्री में मैं अपने सपनों के किरदार निभा रही हूं। उनकी फिल्म द केरल स्टोरी ने दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी और उन्हें एक बेहतरीन कलाकार के रूप में स्थापित किया।इस सफलता के बाद से उन्हें कई अलग-अलग और कठिन भूमिकाएं निभाने के मौके मिल रहे हैं, जिनकी वह हमेशा से ख्वाहिश रखती थीं।
फिल्म द केरल स्टोरी में अदा शर्मा ने शालिनी उन्नीकृष्णन नाम की एक पूर्व नर्सिंग छात्रा का किरदार निभाया था, जिसने दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाई। यह फिल्म सुदीप्तो सेन द्वारा निर्देशित और विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित की गई थी। फिल्म की कहानी जबरन धर्मांतरण और महिलाओं के आतंकी संगठन आईएसआईएस में शामिल होने के दावों पर आधारित थी। इसने शालिनी के जीवन के ऐसे सफर को दर्शाया, जिसमें एक मासूम लड़की आतंकवाद का शिकार बन जाती है। फिल्म की शुरुआत में शालिनी उन्नीकृष्णन (अदा शर्मा) को अफगानिस्तान-ईरान सीमा पर पकड़े जाने से होती है, जिसके बाद पूछताछ के दौरान वह बताती है कि कैसे केरल में नर्सिंग की पढ़ाई के दौरान उसका ब्रेनवॉश किया गया था।
यह फिल्म न केवल बॉक्स ऑफिस पर एक बहुत बड़ी व्यावसायिक सफलता साबित हुई, बल्कि इसने सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी गहरी बहस छेड़ दी। हालांकि, फिल्म को रिलीज से पहले काफी विवादों का सामना करना पड़ा था। कई आलोचकों और समूहों ने इसे प्रोपेगेंडा बताया, जबकि इसके समर्थकों ने इसे समाज का एक कड़वा सच करार दिया। इन तीखे विवादों और विरोध प्रदर्शनों के बावजूद, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और बड़े पैमाने पर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। फिल्म की सफलता को देखते हुए, वर्ष 2026 में केरल स्टोरी 2 भी रिलीज की गई, जो इस फ्रेंचाइजी की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।



