HomeNationalनारी शक्ति ही है नए भारत की असली ताकत - PM मोदी

नारी शक्ति ही है नए भारत की असली ताकत – PM मोदी

वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी वंदन सम्मेलन में “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने काशी की महिलाओं को नमन करते हुए कहा कि आज का यह अवसर नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव है। उन्होंने बताया कि इस दौरान हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, जो क्षेत्र के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई के लिए शुरू की गई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों से आम जनता को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे महाराष्ट्र के लोगों को काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या आने के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार उनकी प्रगति में हर संभव सहयोग दे रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि “नारी शक्ति ही नए भारत की असली ताकत है, और जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो पूरा समाज आगे बढ़ता है।” पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लंबे समय तक महिलाएं उपेक्षित रहीं। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाओं से सवाल तक नहीं पूछे जाते थे और सीधे निर्णय थोप दिए जाते थे। यह स्थिति केवल काशी ही नहीं, बल्कि देश के अधिकांश हिस्सों में बहन-बेटियों का अनुभव रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब वह करीब 25 वर्ष पहले गुजरात के मुख्यमंत्री बने, तब उन्होंने इस सोच को बदलने का संकल्प लिया। उन्होंने बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं शुरू की, जिससे अधिक से अधिक लड़कियां स्कूल पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जब देश की माताओं-बहनों ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तब से भारत तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ परिवारवादी दल नारी शक्ति से भयभीत हैं और नहीं चाहते कि महिलाएं विधानसभा और संसद तक पहुंचें। विपक्ष को डर है कि यदि महिलाएं बड़ी संख्या में राजनीति में आईं, तो उनकी पारंपरिक राजनीति समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अपनी भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सोच “नारी शक्ति का सम्मान” और “नागरिक देवो भव:” की भावना पर आधारित है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे देश को विकसित बनाने के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें।उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि वे नारी वंदन के इस प्रयास को लागू करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। कहा कि विपक्षी दलों की वजह से लक्ष्य अधूरा रह गया। महिलाओं के सशक्तीकरण से देश मजबूत होगा।

उन्होंने बताया कि 30 करोड़ से अधिक बहनों के लिए बैंक खाते खोले गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मेलन में महिलाओं से कहा कि वे इस कार्यक्रम में महा यज्ञ के प्रारंभ के लिए सभी बहनों और बेटियों का आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि काशी के सांसद के रूप में, देश के प्रधानमंत्री के रूप में, देश के कल्याण के एक महत्वपूर्ण लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उनके आशीर्वाद की आवश्यकता है,और यह महत्वपूर्ण लक्ष्य लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करना है।

सम्‍मेलन में मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें “नए भारत का निर्माता” बताया और कहा कि प्रधानमंत्री के विजन और नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज देश एक नए युग की ओर बढ़ रहा है और हम सभी नए भारत का साक्षात दर्शन कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सम्मेलन महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आधी आबादी की ओर से वह प्रधानमंत्री का स्वागत करते हैं और उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वाराणसी में अब तक 35000 करोड़ की विकास परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी है, वहीं 20000 करोड़ की विकास परियोजनाएं वाराणसी में गतिमान है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments