नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में संगठन के साथ करीब तीन घंटे तक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में भाजपा के सभी प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी शामिल हुए। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद संगठन को आगामी चुनावों के लिए तैयार करने की कवायद तेज कर दी है।बैठक में संगठन को मजबूत करने, राज्यों में पार्टी की गतिविधियों को बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को जनता से सीधे जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई। भाजपा की नई टीम का मुख्य जोर जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और केंद्र सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने पर है।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। पार्टी इन कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। करीब साढ़े चार घंटे चली उस बैठक में प्रधानमंत्री ने नए पदाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और संगठन में अपने पुराने अनुभव साझा किए। युवाओं से जुड़ाव बढ़ाने और संगठन को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। नितिन नबीन की अध्यक्षता में हुई ताजा बैठक को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा अब संगठनात्मक स्तर पर राज्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए चुनावी रणनीति को और धार देने में जुटी है।



