नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 29 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने और कई जगह बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पश्चिम बंगाल में बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने नए निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। राज्य में 4 अक्टूबर तक बारिश का सिलसिला चल सकता है। राजस्थान के बीकानेर, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में भी बारिश जारी रहने का अनुमान है।उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कई जगह बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। बिहार में भी छिटपुट बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट है, जिसका असर 1 अक्टूबर तक रह सकता है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी है। हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भी कई जगह बारिश के साथ मौसम खराब रहने का अनुमान है। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अत्यंत भारी बारिश, जबकि कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।



