मुंबई । मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार हादसे का शिकार हो गई। कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। लोटस जेट्टी के पास चालक के नियंत्रण खोने के बाद कार ब्रिज से नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार चार लोगों में से तीन की मौत हो गई, जबकि एक 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल है। उसे नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है।मुंबई पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना रविवार सुबह करीब 5:20 बजे कोस्टल रोड कंट्रोल रूम को मिली। दुर्घटना लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने लोटस जेट्टी के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे।
कार में सवार चारों लोगों को उपचार के लिए नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मीडिया को बताया, मृतकों में शनाय गज्जल (21) और धैर्य सेठ (17) की पहचान हुई है। एक अन्य 25 वर्षीय युवक की पहचान नहीं हो सकी। उसे भी अस्पताल लाने पर मृत घोषित कर दिया गया। चौथा व्यक्ति करीब 20 वर्ष का है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार की रफ्तार तेज थी और इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



