Health News : योगाचार्यों के अनुसार, हर मनःस्थिति के लिए एक योगासन उपलब्ध है जो मन को शांत करने और भावनाओं को संतुलित करने में मदद करता है। छोटी-छोटी बात पर गुस्सा आ जाना, पूरे दिन चिड़चिड़ापन बने रहना, बिना वजह तनाव महसूस होना या मानसिक थकान की समस्या हो, योग में हर समस्या का समाधान बताया गया है।आम लोगों को स्वस्थ्य रखने के लिए आयुष मंत्रालय अपील कर रहा है कि वे योग को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करें। मंत्रालय का कहना है थोड़ा रुकिए, गहरी सांस लीजिए और खुद से जुड़िए।
सही आसन चुनकर आप अपने मूड को बेहतर बना सकते हैं। आयुष मंत्रालय के अनुसार, योग सिर्फ शरीर को ही नहीं, बल्कि मन को भी स्वस्थ रखता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर देशभर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। योग एक्सपर्ट के अनुसार, अगर आप छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करते हैं या चिड़चिड़े रहते हैं तो रोज सिर्फ 10-15 मिनट इन आसनों का अभ्यास करें। गहरी सांस लेने के साथ योग करने से तनाव कम होता है, मूड अच्छा रहता है और दिनभर की नकारात्मकता दूर होती है। वीरभद्रासन शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की ताकत बढ़ाता है।
गुस्से और तनाव की स्थिति में यह आसन आत्मविश्वास बढ़ाता है और नकारात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देता है। इसी तरह बालासन बहुत ही शांतिदायक मुद्रा होती है। जब मन अशांत हो या चिड़चिड़ापन ज्यादा हो तो यह आसन तनाव मुक्त करने में मदद करता है। इससे मस्तिष्क को आराम मिलता है और पूरा शरीर रिलैक्स हो जाता है।
अर्ध चक्रासन कमर और रीढ़ की हड्डी को मजबूत करने के साथ ही यह आसन मन को स्थिर करने में सहायक है। इससे मानसिक थकान दूर होती है। पदमासन, कमल आसन ध्यान और एकाग्रता के लिए सबसे उत्तम मुद्रा है। नियमित अभ्यास से मन की चंचलता कम होती है, गुस्सा नियंत्रण में रहता है और शांति का अनुभव होता है।



