तरावड़ी : तरावड़ी-नीलोखेड़ी रेलवे ट्रैक पर एक दर्दनाक घटना सामने आई। तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस के सामने कूदकर करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस को मृतक के एक बाजू पर अंग्रेज़ी में सोनेहा लिखा हुआ मिला है, जिसे पहचान का महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। जीआरपी इस आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जानकारी देते हुए जीआरपी पुलिस जांच अधिकारी ऋषि कुमार ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। जीआरपी पुलिस का कहना है कि आसपास के थानों और क्षेत्रों में भी मृतक की पहचान के लिए सूचना भेजी गई है। पहचान होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना हो या मृतक की पहचान से संबंधित कोई जानकारी हो, तो संबंधित पुलिस अथवा जीआरपी से तुरंत संपर्क करें।



