नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को आसाराम को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया। आसाराम 2013 में एक नाबालिग के साथ यौन उत्पीडऩ के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें चौबीसों घंटे मदद के लिए अपनी पसंद का एक अनुभवी केयरटेकर रखने की इजाजत दी है।
जस्टिस एम एम सुंदरेश और पी बी वराले की बेंच ने स्वास्थ्य के आधार पर अंतरिम जमानत की आसाराम की याचिका को अभी लंबित रखा है, लेकिन उन्हें यह छूट दी है कि अगर उनकी तबीयत बिगड़ती है तो वे अपने मामले का जिक्र कर सकते हैं।
सुनवाई के दौरान, राजस्थान सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि आसाराम ने इस तथ्य को छुपाया था कि उनके वकील ने भी पैरोल के लिए आवेदन दिया था। इस दलील का जवाब देते हुए आसाराम के वकील ने कहा कि पैरोल आवेदन बहुत पहले दायर किया गया था और यह चिकित्सा कारणों पर आधारित नहीं था।



