नई दिल्ली। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के फंड में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 26 स्थानों पर छापेमारी की है।जानकारी अनुसार जांच एजेंसी ने बीआरओ फंड घोटाले से जुड़े मामले में चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
इस मामले में लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर और इंजीनियर रैंक के 10 अधिकारियों समेत कई निजी व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। सीबीआई के अनुसार, मामला लद्दाख स्थित बीआरओ के प्रोजेक्ट विजयक और योजक से जुड़ा है। आरोप है कि कैजुअल मजदूरों की नियुक्ति में अनियमितताएं कर फर्जी नामों पर भुगतान किया गया। मामले में सरकारी धन के गबन, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश, भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोपों की जांच की जा रही है।



