मुंबई । बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्रियां प्रियंका चोपड़ा और लारा दत्ता की हालिया मुलाकात की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। सोशल मीडिया पर लारा दत्ता ने इस खास मुलाकात की झलक साझा करते हुए बताया कि समय बीतने के बावजूद उनकी दोस्ती आज भी पहले जैसी मजबूत और आत्मीय बनी हुई है। इन तस्वीरों ने उनकी करीब 26 साल पुरानी दोस्ती की यादें ताजा कर दी हैं। लारा दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रियंका चोपड़ा के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों मुस्कुराते हुए कैमरे के सामने पोज देती नजर आ रही हैं। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, 26 साल बाद भी, खुश लड़कियां अभी भी… और दिल वाला इमोजी भी साझा किया।
वहीं प्रियंका चोपड़ा ने भी अपनी सोशल मीडिया स्टोरी पर यही तस्वीर साझा करते हुए लिखा, अपनी लड़की से मिलकर बहुत अच्छा लगा। दोनों के संदेशों ने उनके बीच गहरे रिश्ते और वर्षों पुरानी दोस्ती की झलक दिखाई। तस्वीरों में प्रियंका चोपड़ा सफेद रंग की आकर्षक पोशाक में नजर आईं, जबकि लारा दत्ता नीले रंग की ड्रेस, सफेद श्रग और हैट में दिखाई दीं। दोनों का स्टाइलिश अंदाज भी प्रशंसकों को खूब पसंद आया। सोशल मीडिया पर फैंस ने उनकी तस्वीरों पर बड़ी संख्या में प्रतिक्रिया देते हुए उनकी दोस्ती की सराहना की। कई लोगों ने लिखा कि समय बदल सकता है, लेकिन सच्ची दोस्ती हमेशा कायम रहती है। प्रियंका चोपड़ा और लारा दत्ता की दोस्ती की शुरुआत वर्ष 2000 से मानी जाती है, जब दोनों ने अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन किया था। प्रियंका चोपड़ा ने उसी वर्ष मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था, जबकि लारा दत्ता मिस यूनिवर्स बनी थीं।
इन उपलब्धियों के बाद दोनों ने बॉलीवुड में कदम रखा और अपनी प्रतिभा तथा मेहनत के दम पर फिल्म उद्योग में अलग पहचान बनाई।दोनों अभिनेत्रियां फिल्मों में भी साथ काम कर चुकी हैं। वर्ष 2003 में रिलीज हुई फिल्म अंदाज में दोनों पहली बार एक साथ बड़े पर्दे पर दिखाई दीं। इस फिल्म में अक्षय कुमार भी मुख्य भूमिका में थे और यह फिल्म प्रियंका तथा लारा, दोनों के शुरुआती करियर के लिए अहम साबित हुई। इसके बाद वर्ष 2011 में दोनों फिल्म डॉन 2 में भी साथ नजर आईं। फिल्म में प्रियंका ने रोमा की भूमिका निभाई थी, जबकि लारा दत्ता विशेष भूमिका में दिखाई दी थीं। हाल ही में प्रियंका चोपड़ा और लारा दत्ता विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के दौरान भी चर्चा में रहीं। दोनों अलग-अलग अवसरों पर टूर्नामेंट का आनंद लेती दिखाई दीं। व्यस्त पेशेवर जीवन के बावजूद उनकी यह मुलाकात इस बात का प्रमाण है कि वर्षों पुरानी दोस्ती आज भी उतनी ही मजबूत है।



