HomeNationalदुखद घटना:डिवाइडर के बाद स्कॉर्पियों से भिड़ी मजदूरों से भरी पिकअप,16 की...

दुखद घटना:डिवाइडर के बाद स्कॉर्पियों से भिड़ी मजदूरों से भरी पिकअप,16 की मौत, कई घायल

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात मजदूरों से भरे एक ओवरलोड पिकअप वाहन और स्कॉर्पियो के बीच हुई भीषण टक्कर में 16 लोगों की जान चली गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रात के अंधेरे में सड़क पर चारों ओर खून से लथपथ शव और घायलों की चीख-पुकार सुनाई दे रही थी।

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 50 मजदूर सवार थे, जो ग्राम बग्गड़ के पास एक खेत में काम कर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और घायल श्रमिकों ने बताया कि वाहन में क्षमता से अधिक लोग ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे। चालक वाहन में तेज आवाज में गाने बजा रहा था और लापरवाही से गाड़ी लहराते हुए चला रहा था। इसी दौरान वाहन असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराया और पलट गया, जिसके बाद सामने से आ रही स्कॉर्पियो उससे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई मजदूर वाहन के नीचे ही दब गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर राहत कार्य में जुट गए। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां घायलों की संख्या इतनी अधिक थी कि बिस्तर कम पड़ गए और कई लोगों का इलाज जमीन पर लिटाकर करना पड़ा। वर्तमान में 10 घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे को हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक अधिकारी और प्रभारी मंत्री ने भी मौके का मुआयना किया और घायलों के नि:शुल्क उपचार की बात कही है। यह हादसा एक बार फिर वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी भरने और यातायात नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों को रेखांकित करता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments